प्रोत्साहित

एसडीएम भास्कर गाचले ने खजूरी विद्यालय का किया निरीक्षण, डिजिटल शिक्षा व व्यवस्थाओं की सराहना

ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा, खजूरी विद्यालय की व्यवस्थाओं से प्रभावित हुए एसडीएम

अभीतक न्यूज़ गौरव अरोरा झाबुआ

थांदला:- नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) भास्कर गाचले ने गुरुवार को ग्राम खजूरी स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, डिजिटल संसाधनों तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम गाचले ने प्रत्येक कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से चर्चा की और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिजिटल स्मार्ट क्लास और आधुनिक सुविधाओं की सराहना

विद्यालय में संचालित डिजिटल स्मार्ट क्लास, आधुनिक प्ले स्टेशन, गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री एवं आकर्षक शिक्षण वातावरण को देखकर एसडीएम ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बच्चों के साथ किया मध्याह्न भोजन

निरीक्षण के दौरान एसडीएम गाचले ने विद्यालय में तैयार हो रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

शिक्षा से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम गाचले ने कहा कि “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Abhitak News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *